बुलंदशहर का जवान घायल: कश्मीर में तैनात योगेश राठी के पैर पर लगी गोली

पाकिस्तान की सेना से मुकाबले के दौरान बुलंदशहर के बीबीनगर कस्बे के एक जवान को गोली लगने से चोट आई है। घायल जवान ने खुद अपने परिवार को इस घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्य जवान की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

बीबीनगर के सुरेंद्रपाल सिंह राठी के बेटे योगेश राठी भारतीय सेना की 18 जाट रेजीमेंट में हवलदार के पद पर जम्मू-कश्मीर के मेंडर जिले में तैनात हैं। योगेश के भाई विकास राठी ने बताया कि रोजाना योगेश से फोन पर बातचीत होती थी। 8 मई को योगेश ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमा पर हुई गोलीबारी में घायल होने की सूचना दी।

योगेश ने बताया कि गोली उनके पैर में लगी है और उसमें 8 टांके लगे हैं। तैनाती स्थल पर ही मौजूद चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। योगेश के दादा चंद्रपाल सिंह राठी ने बताया कि देश की सेवा करना योगेश का सपना था और इसके लिए वह हमेशा तैयार रहता था।

योगेश की पत्नी शीतल अपने दोनों बच्चों नकुल और प्राची के साथ बुलंदशहर में रहती हैं। परिजन लगातार योगेश से संपर्क में हैं और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here