मथुरा। बुधवार देर रात करीब 10 बजे व्यापारी नेता हेमेंद्र गर्ग उर्फ हेमू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह मसानी स्थित मोक्षधाम में भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन कर पैदल ही घर आ रहे थे, तभी दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
हमलावर मौके से भाग निकले। हेमेंद्र को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हेमेंद्र ने जमीनी विवाद में अपनी हत्या की आशंका जताई थी। उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी। वह भाजपा में भी महानगर इकाई में पदाधिकारी रह चुके थे।
मंदिर से घर लौट रहे थे हेमंत
गायत्री तपोभूमि के पास स्थित गायत्री विहार कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय हेमेंद्र गर्ग नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला संगठन मंत्री थे। उनका महाविद्या कॉलोनी में प्रिंटिंग प्रेस का कारोबपार था। हेमेंद्र प्रतिदिन सुबह और शाम मोक्षधाम स्थित मंदिर में महादेव के दर्शन करने जाते थे। बुधवार रात करीब दस बजे वह दर्शन करके पैदल ही लौट रहे थे, तभी मंदिर के रास्ते पर उन्हें बाइक सवार दो युवक मिल गए और उन्हें गोली मार दी।
बाइक सवार गोली मारकर भाग निकले, हेमेंद्र करीब दो सौ मीटर तक दौड़े और वहां खड़े कुछ लोगों को बताया कि उन्हें गोली मार दी गई। आसपास के लोग उन्हें सिम्स अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनका मोक्षधाम मार्ग के कोने पर प्लाट को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद भी चल रहा था।
बीएसए कॉलेज रोड निवासी योगेश यादव और राजन यादव से उनका इस भूमि को लेकर मुकदमा भी चल रहा था। कुछ दिन पहले उन्होंने पुलिस को डाक से भेजे गए शिकायती पत्र में कहा था कि इसी वर्ष 21 जनवरी को उन्होंने मुख्यमंत्री को एक शिकायती पत्र भेजा था। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण में भी उन्होंने शिकायत की थी।उनका आरोप था कि उस प्लाट पर विपक्षीगण निर्माण करा रहे थे, शिकायत के बाद भी निर्माण नहीं रुका। उन्होंने आठ अप्रैल को सीएम को भेजे एक पत्र में कहा था कि सात अप्रैल को कुछ लोगों ने उनका पीछा किया था। उन्होंने जमीनी विवाद में अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी।
परिजनों से नहीं मिला था कोई शिकायती पत्र- एसपी
घटना की सूचना पर एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्वजन ने अभी कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। जमीनी विवाद किससे चल रहा था, इसकी जांच की जा रही है। पूर्व में कोई शिकायती पत्र उनका प्राप्त नहीं हुआ था।