सुखदेव लोधी की हत्या पर कांग्रेस का हमला, राहुल गांधी ने भी जताई चिंता

रायबरेली जिले के सेमरी स्थित महारानीगंज कस्बे में गल्ला व्यापारी सुखदेव लोधी की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था को विफल करार दिया और कहा कि यूपी में अब आमजन घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।

मामले में सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने व्यापारी सुखदेव लोधी और उनकी पत्नी सरोजिनी पर उनके घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं और फिलहाल एम्स में इलाजरत हैं।

कांग्रेस नेता अजय राय बुधवार को एम्स पहुंचे, लेकिन सरोजिनी से मुलाकात नहीं हो सकी क्योंकि वह अभी केयर यूनिट में भर्ती हैं। राय ने चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली और बताया कि सरोजिनी की हालत स्थिर है और गोली निकाल दी गई है। उन्होंने सरोजिनी की बेटी रागिनी से भी बात की।

‘प्रदेश में कायम हो चुका है जंगलराज’ — अजय राय

एम्स परिसर से बाहर निकलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब घरों के भीतर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो यह ‘कानून-व्यवस्था’ कैसी है? उन्होंने गाजियाबाद की घटना का हवाला देते हुए कहा कि अपराधी खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं, और पुलिस सिर्फ तमाशबीन बनी हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि रायबरेली में व्यापारी की हत्या के बाद स्थानीय लोग भय में हैं और प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा पुलिस की साख पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

राहुल गांधी के निर्देश पर पहुंचे अस्पताल

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि वह सांसद राहुल गांधी के निर्देश पर सरोजिनी का हालचाल जानने एम्स पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ धार्मिक ध्रुवीकरण कर राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था की स्थिति भयावह है।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश भर की 403 विधानसभा सीटों पर पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है और आगामी पंचायत चुनावों की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने सपा से गठबंधन के सवाल पर कहा कि फिलहाल संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here