स्कूल गई व्यापारी की नाबालिग पुत्री को अगवा कर सिपाही ने दुष्कर्म किया। खोजबीन के दौरान थाने से चंद कदम की दूरी पर परिजनों ने सिपाही को कार समेत पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कार चालक भागने में सफल रहा। जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद थाने पहुंचे। किशोरी के पिता ने सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी कपड़ा व्यापारी की 15 वर्षीय पुत्री बुधवार सुबह स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री कक्षा 11 में पढ़ती है। आरोप है कि सिपाही ने पुत्री को कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। सिपाही ने तमंचे के बल पर पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। पुत्री घर नहीं लौटी तो व्यापारी व उसके पुत्र ने किशोरी की खोजबीन की। थाने से कुछ दूरी पर पिता ने कार से पुत्री को उतरते देखा। इस पर उन्होंने कार के आगे बाइक लगा दी। लेकिन माैका पाकर चालक मौके से भाग निकला।
पीड़ित पिता ने आरोपी सिपाही को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुत्री ने अपने साथ दुष्कर्म की बात बताई। किशोरी के साथ सिपाही द्वारा दुष्कर्म की जानकारी मिलते ही सीओ मोहम्मदाबाद राजेश द्विवेदी थाने पहुंचे। पीड़ित पिता ने सिपाही व कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सीओ मोहम्मदाबाद मौके पर हैं। गहनता से जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीओ मोहम्मदाबाद राजेश द्विवेदी ने बताया कि सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप है। रिपोर्ट दर्ज कर सिपाही को निलंबित किया जाएगा।