उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सुइथाकलां क्षेत्र के जंगीपुर गांव में एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने की जिद पर अड़ गई। अंततः पति ने अपने रिश्ते को पीछे रखते हुए मानवीयता और समझदारी का परिचय दिया और मंदिर में पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी। सोमवार को सरायमोहिउद्दीनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में यह विवाह संपन्न हुआ, जिसके बाद भावुक पति ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए विदा किया।
2023 में हुई थी अरविंद और रीता की शादी
गांव निवासी अरविंद बिंद की शादी वर्ष 2023 में खेतासराय क्षेत्र के जमदहा की रहने वाली रीता से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। कुछ समय तक ससुराल में रहने के बाद दोनों नोएडा चले गए। लेकिन वहां अरविंद को यह महसूस हुआ कि रीता अक्सर किसी अजनबी से फोन पर बातचीत करती है। जब उसने पूछताछ की तो रीता ने इसे एक रिश्तेदार से बात बताकर टाल दिया, जिससे अरविंद को शक होने लगा।
बीमारी के बहाने मायके गई पत्नी, फिर टूटा संपर्क
कुछ समय बाद रीता ने स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर मायके जाने की इच्छा जताई। अरविंद ने उसे भेज तो दिया, लेकिन फिर धीरे-धीरे बातचीत कम होती गई और एक दिन उसका फोन बंद हो गया। ससुराल पक्ष से पूछताछ करने पर पता चला कि वह अपनी बहन के यहां है। काफी प्रयासों के बाद संपर्क बहाल हुआ और समझाने-बुझाने के बाद रीता अपने पति के साथ वापस नोएडा लौट गई। वहां उसने अपने प्रेम संबंध की सच्चाई अपने पति को बता दी।
प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी पत्नी
रीता ने स्पष्ट रूप से प्रेमी के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई। अरविंद ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो उसने एक बड़ा फैसला लिया। सोमवार को पत्नी को लेकर दुर्गा मंदिर पहुंचा और वहां प्रेमी को बुलाकर दोनों का विवाह संपन्न कराया।
समाज में मिलीजुली प्रतिक्रिया
विवाह के बाद अरविंद ने नम आंखों से दोनों को विदा किया। इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। कुछ लोग अरविंद की सहनशीलता और त्याग की सराहना कर रहे हैं, वहीं कई लोग विवाहिता के व्यवहार की आलोचना भी कर रहे हैं।