सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव को लेकर बड़ा वादा किया है। उनका कहना है कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में बनी तो पुलिस विभाग में महिलाओं की भर्ती के लिए व्यापक और स्थायी बदलाव लागू किए जाएंगे। यह बात उन्होंने रविवार को सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। इस अवसर पर सपा सांसद डिंपल यादव समेत कई महिला नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
अखिलेश यादव ने ईरान-इस्राइल युद्ध पर अपनी राय देते हुए कहा कि भारत को विदेशों में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में भारत को अपनी स्पष्ट स्थिति जाहिर करनी होगी, क्योंकि कठिन समय में मित्र देशों का साथ देना हमारी विदेश नीति का आधार है। केवल अच्छे समय में दोस्त बनाना पर्याप्त नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार जेपीएनआईसी (JPNIC) को बेचना चाहती है तो उसे बेचने दें, लेकिन समाजवादी पार्टी इसे खरीदने की इच्छा रखती है। इसके लिए पार्टी ने एलडीए के उपाध्यक्ष को पत्र भेजने का निर्देश दिया है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मंदिरों के चंदे पर नियंत्रण पाने के लिए नई रणनीतियाँ बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अब तक जितने मंदिर टूटे हैं, उतने कभी पहले नहीं टूटे। बनारस में कई पुराने मंदिरों को तोड़ा गया है, जबकि वेनिस सहित अन्य कई शहरों में प्राचीन गलियों और इमारतों का संरक्षण किया जाता है।