रामपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष ने चलाया रिक्शा, पूर्व मंत्री नकवी सवारी बन पहुंचे योग करने

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार सुबह सिविल लाइंस के रोशन बाग स्थित पार्क में चेतना योग संस्था द्वारा आयोजित योग शिविर में भाग लिया। खास बात यह रही कि वे योग शिविर में एक रिक्शे से पहुंचे, जिसे भाजपा के जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार चला रहे थे।

योग दिवस के मौके पर नकवी ने समाज के प्रमुख नागरिकों के साथ योगासन कर सभी को नियमित योग करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की हजारों साल पुरानी परंपरा ‘योग’ आज वैश्विक संकटों के समय में भी सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली का सशक्त माध्यम बन चुका है।

नकवी बोले: मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि महर्षि पतंजलि द्वारा स्थापित योग दर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। आज योग न सिर्फ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और समरसता को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग सभी धर्मों, जातियों और वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

योग अभ्यास के बाद नकवी ने रोशन बाग पार्क में नीम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे।

इन गणमान्य लोगों ने दी उपस्थिति

इस मौके पर नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य, महा सिंह राजपूत, सुभाष भटनागर, जगपाल यादव, राजीव मांगलिक, डॉ. संजीव अग्रवाल, टेकचंद गंगवार, अशोक बिश्नोई, मोहन लोधी, पंकज लोधी, रविंद्र सिंह रवि और अनुज सक्सेना समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here