मुजफ्फरनगर। सोमवार शाम को भाजपा के पदाधिकारियों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर “एक राष्ट्र-एक चुनाव” के उद्देश्य को लेकर टाउन हॉल से रुड़की रोड तक पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनता को एक साथ चुनावों के फायदे के बारे में जागरूक करना था।
पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि एक साथ चुनाव होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि धन की भी बचत संभव होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे बार-बार चुनाव कराने की झंझट से भी मुक्ति मिलेगी, जो प्रशासन और जनता दोनों के लिए लाभकारी होगा।
पदयात्रा में भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, श्रीमोहन तायल, कार्यक्रम संयोजक डॉ. देशबन्धु, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, पवन अरोड़ा सहित कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली, जो “एक राष्ट्र-एक चुनाव” के समर्थन में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बने।