यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना अंतर्गत रसूलपुर दभेड़ी गांव में एक शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। बारातियों को भोजन कराया जा रहा था, तभी अचानक एक युवती पुलिस के साथ समारोह स्थल पहुंची और खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताकर हंगामा मचा दिया। युवती की मौजूदगी से दूल्हे की स्थिति खराब हो गई। उसने दूल्हे पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया। जब पूरा मामला सामने आया, तो दुल्हन पक्ष ने शादी से साफ मना कर दिया। इसके बाद लड़के के परिवार को बंधक बनाकर शादी के खर्चे वापस मांगे गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत भी शुरू हो गई है।
फुगाना थाना क्षेत्र के जोगियाखेड़ा गांव निवासी अफसर के बेटों रिजवान और मेहकार का रिश्ता रसूलपुर दभेड़ी गांव के शाहिद की बेटियों रेशमा और साजमा के साथ तय हुआ था। रविवार को जोगियाखेड़ा से बारात रसूलपुर दभेड़ी पहुंची, जहां दुल्हन पक्ष ने उनका स्वागत करते हुए नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की। इसी दौरान दूल्हे रिजवान की प्रेमिका फुगाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और शादी को रोकने की मांग करते हुए दुष्कर्म का आरोप लगाया।
इस मामले में दुल्हन पक्ष ने जब कारण पूछा तो युवती ने पूरी घटना विस्तार से बताई। जिसके बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इंकार करते हुए बारात को बंधक बना लिया और खर्च की रकम की मांग करने लगा। सूचना पाकर बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर लड़की पक्ष ने शादी से इंकार किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।