कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए थोपा था आपातकाल: राजेंद्र अग्रवाल

मुजफ्फरनगर। मेरठ संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए लगभग 50 साल पहले आपातकाल लगाया था, जिसे बाद में देश की जनता ने आम चुनावों के जरिए खारिज कर दिया और कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाया था। भाजपा के पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने बुधवार शाम चार बजे गांधी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में आपातकाल को लेकर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर भाजपा इसे लोकतंत्र पर बड़ा हमला मानती है, क्योंकि इसने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था को सीधे तौर पर प्रभावित किया था।

उन्होंने बताया कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आंतरिक अशांति का हवाला देकर आपातकाल लागू किया था, जिसका उद्देश्य केवल सत्ता बचाना था। इस दौरान इंदिरा गांधी को इस्तीफा दे देना चाहिए था। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री और जनपद प्रभारी डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आपातकाल के काले दौर में न केवल लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया, बल्कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता और नागरिकों के मूलभूत अधिकारों को भी दबा दिया था। इस पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, प्रमोद ऊटवाल, अशोक कंसल, क्षेत्रीय मंत्री रमेश कश्यप और नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप सहित कई नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here