मुजफ्फरनगर। बड़े मंगल के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने भगत सिंह रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर में आयोजित सुंदरकांड पाठ और भंडारे में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ भगवान हनुमान के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में मंत्री ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरण किया और भंडारे की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आयोजन समिति के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बड़े मंगल केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना को जागृत करने वाला पर्व है। हनुमान जी की भक्ति से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, साहस और परोपकार की भावना का संचार होता है।

सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति भाव से भगवान हनुमान का गुणगान किया। कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को बड़े मंगल की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।