मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया रविवार को खुद फील्ड में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के कई नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
कई स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
सीएमओ ने खालापार, कृष्णापुरी, सरवट और रामपुरी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी संचालन, दवा वितरण व्यवस्था, टीकाकरण सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।

मरीजों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने स्वास्थ्य मेलों में पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उनसे मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य लोगों को उनके घर के पास बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर मरीज का समय पर परीक्षण हो और उन्हें आवश्यक दवाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
योजनाओं की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। साथ ही उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता बनाए रखने और रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए।
डॉ. तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाएगा।