मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित एक होटल में हुई तोड़फोड़ और हंगामे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले करीब 15 से 20 युवकों का एक समूह होटल में पहुंचा था, जहां उन्होंने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए हंगामा किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष शर्मा निवासी काशीराम कॉलोनी (बुढ़ाना मोड़), हेमंत शर्मा निवासी मेदपुर और अभिषेक शर्मा निवासी आनंदपुरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, तोड़फोड़ या शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।