चरथावल। थाना भवन मार्ग स्थित लकड़ी मंडी क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान थार गाड़ी से हुड़दंग और सड़क पर नोट उड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान बैंक्वेट हॉल के पास लकड़ी मंडी क्षेत्र में वाहनों का काफिला चल रहा था और लोग शादी की खुशियों में शामिल थे। इसी दौरान लाल रंग की थार में सवार सरवट निवासी अमजद और हारिश मुख्य सड़क पर तेज आवाज में गाड़ी चलाते हुए नोट उड़ाते नजर आए। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

थाना भवन मार्ग को क्षेत्र का व्यस्त मार्ग माना जाता है, ऐसे में इस तरह की हरकत के चलते यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बावजूद युवक सड़क पर हुड़दंग करते रहे और नोट उड़ाते रहे।
मामले का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच के बाद सोमवार को दोनों आरोपियों को सिविल लाइन क्षेत्र के सरवट से हिरासत में ले लिया। सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि थार वाहन को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।