संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि पीएम मोदी ने इस हादसे को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से शोक जताया। उन्होंने लिखा, “संभल की दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु से अत्यंत पीड़ा हुई है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल व्यक्तियों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान किए जाने की भी घोषणा की है।
बारातियों की बोलेरो कॉलेज की दीवार से टकराई, दूल्हे समेत आठ की दर्दनाक मौत
शुक्रवार शाम को मेरठ-बदायूं मार्ग पर जुनावई थाना क्षेत्र के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरगोविंदपुर गांव से जनपद बदायूं के सिरसौल गांव जा रही बारात में शामिल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। इस हादसे में दूल्हे सहित आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हरगोविंदपुर निवासी सुखराम के बेटे सूरज पाल (20) की बारात सिरसौल गांव के लिए रवाना हुई थी। अधिकांश वाहन पहले ही गंतव्य की ओर निकल चुके थे, जबकि बोलेरो में पीछे से चल रहे दस लोग यात्रा कर रहे थे। जुनावई क्षेत्र में वाहन की गति अधिक होने के कारण बोलेरो सीधी कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार सभी यात्री बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दूल्हे सूरज पाल, उसकी बहन कोमल (15), चाची आशा (26), चचेरी बहन एश्वर्या (3), चचेरे मामा सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20) – दोनों बुलंदशहर निवासी, ममेरा भाई गणेश (2), तथा चालक रवि (28) को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल हिमांशी और देवा को अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसे का कारण तेज रफ्तार था, जिसके चलते बोलेरो नियंत्रण से बाहर होकर कॉलेज की दीवार से टकरा गई।
क्रेन से निकाले गए घायल
बोलेरो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। घायलों को बाहर निकालने के लिए क्रेन का सहारा लिया गया। राहत एवं बचाव कार्य में स्थानीय लोगों और पुलिस ने सहयोग किया।