उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और दल-बदल का दौर भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में रविवार को लखनऊ स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश कार्यालय में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी से जुड़े सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुभासपा में शामिल हो गए।

कार्यक्रम में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कई प्रमुख नेताओं ने भी अपने समर्थकों के साथ सुभासपा का दामन थामा।

कई जिलों के नेताओं ने जॉइन की पार्टी 

इस कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और आम आदमी पार्टी के नेता सुनील गौतम, सपा नेता संजय तिवारी और रवि विश्वकर्मा, घोसी लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अक्षय राजभर, समाजसेवी रामदेव वर्मा और महिला समाजसेवी विजय लक्ष्मी सहित कई लोग शामिल रहे। इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, कानपुर देहात, वाराणसी, संतकबीरनगर, रायबरेली, इटावा और अमेठी जैसे जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सुभासपा की सदस्यता ली।

ओमप्रकाश राजभर का सपा पर हमला

कार्यक्रम के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी तस्वीर को लेकर की गई टिप्पणी सपा की सोच को दर्शाती है, जिसे उन्होंने गरीब और मजदूर वर्ग के खिलाफ बताया।

राजभर ने कहा कि वह मेहनतकश और संघर्षशील पृष्ठभूमि से आते हैं और इस पर उन्हें गर्व है।

ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा कि कुछ नेता एसी और पीसी वाले माहौल में राजनीति करते हैं और उन्हें जमीनी संघर्ष का अनुभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जो लोग समाज के संघर्ष से जुड़े होते हैं, वही आम जनता की समस्याओं को बेहतर समझते हैं।

सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने भी कहा कि लगातार बड़ी संख्या में विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि पार्टी सर्वसमाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।