उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को शुक्रवार शाम एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब नोएडा यूनिट की टीम ने बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान कुख्यात डकैत विनोद गड़ेरिया को मार गिराया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर जब एसटीएफ ने इलाके में घेराबंदी की तो आरोपित और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विनोद को गोली लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या-डकैती का आरोपी, 1 लाख का इनामी
मृत डकैत की पहचान विनोद गड़ेरिया पुत्र सीताराम, निवासी इसोपुर खुरगान, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। वर्ष 2024 से वह मुजफ्फरनगर में डकैती के छह से अधिक मामलों में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विनोद वर्ष 2006 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और उस पर शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत में 40 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें डकैती, हत्या, लूट और संगठित अपराध शामिल हैं। वर्ष 2012 के एक मामले में उसे अदालत द्वारा सात वर्ष की सजा भी सुनाई जा चुकी थी।
मुठभेड़ के बाद मिला हथियार
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि नोएडा यूनिट को विनोद और उसके गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। जहांगीराबाद क्षेत्र में दबिश के दौरान बदमाशों ने गोलीबारी शुरू की, जिसके जवाब में एसटीएफ ने भी फायरिंग की। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल विनोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौके से एक हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस इस मुठभेड़ को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है। आगे की जांच और अन्य गिरोह सदस्यों की तलाश जारी है।