पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. रामचंद्र विकल की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित


गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी और युवा संसद (यूथ पार्लियामेंट) के जनक स्व. डॉ. रामचंद्र विकल की 14वीं पुण्यतिथि उनके गाजियाबाद स्थित कविनगर आवास पर श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें परिवारजनों, शुभचिंतकों और कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।

डॉ. विकल को गांधीवादी विचारधारा से ओत-प्रोत स्वतंत्रता सेनानी, महान योगी, आर्यसमाजी और किसानों, मजदूरों एवं युवाओं के सशक्त पक्षधर के रूप में याद किया गया। वे बागपत से लोकसभा सांसद, राज्यसभा सदस्य, उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तथा भारतीय राज्य फार्म निगम के अध्यक्ष जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके थे।

हवन में सम्मिलित प्रमुख व्यक्तियों में पूर्व विधान परिषद सदस्य श्री जगबीर सिंह विकल, सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक कृभको श्री जयप्रकाश विकल, संसद भवन में सेवारत विजय वीर विकल, महीपाल सिंह ढासरी, अभिनव नागर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख (मोरना) उमा सिंह और पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा मुजफ्फरनगर शामिल रहीं।

हवन पश्चात स्व. डॉ. विकल की पुत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल की राष्ट्रीय सचिव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी विकास संघ मुजफ्फरनगर श्रीमती रमा नागर ने अपने पिताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनके पिताजी का जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित था और वे आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here