यूपी: तीन दिन का आम महोत्सव कल से लखनऊ में , सीएम योगी करेंगे शुभारंभ

लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में शुक्रवार से तीन दिवसीय आम महोत्सव-2025 का आयोजन शुरू हो रहा है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 जुलाई को सुबह 10 बजे करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश में उगाए गए आमों की खेप को लंदन, दुबई समेत अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए रवाना करेंगे, साथ ही महोत्सव की स्मारिका का विमोचन करेंगे और प्रदेश के चयनित प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित भी करेंगे।

प्रदेश के आम होंगे वैश्विक मंच पर

राज्य सरकार की ओर से आयोजित इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए उद्यान एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह महोत्सव प्रदेश के आम उत्पादकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने और आम की विविध किस्मों को आम जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

महोत्सव में लगभग 800 प्रकार के आमों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे प्रदेश की बागवानी विविधता की झलक मिलेगी। 4 जुलाई को दोपहर 12 बजे से क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिसमें सुरक्षित तुड़ाई, भंडारण, विपणन और निर्यात से जुड़ी जानकारियां साझा की जाएंगी।

सांस्कृतिक संध्या और काव्य प्रस्तुतियां

शुक्रवार की शाम छह बजे आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगायक पवन सिंह अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ उद्यान विभाग के अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा करेंगे।

5 जुलाई को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तकनीकी सत्र की शुरुआत करेंगे, जिसमें वैज्ञानिक व विशेषज्ञ आम की उन्नत तकनीकों, पोषण प्रबंधन और कीट नियंत्रण पर चर्चा करेंगे। दोपहर दो बजे बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता भी होगी।

उसी दिन शाम को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन करेंगे, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे। समापन समारोह 6 जुलाई को दोपहर तीन बजे आयोजित होगा, जिसमें उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि होंगे।

किसानों की तैयारियां और उम्मीदें

महोत्सव में प्रदेशभर से 100 से अधिक किसान हिस्सा ले रहे हैं। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, सफेदा सहित कई किस्मों के आम महोत्सव स्थल पर पहुंच चुके हैं। आयोजन स्थल पर गुरुवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

‘मोदी मैंगो’ बना आकर्षण

मलिहाबाद के प्रगतिशील किसान उपेंद्र कुमार सिंह अपने विशेष किस्म ‘मोदी मैंगो’ के साथ पहुंचे हैं, जिसे उन्होंने नई तकनीक से तैयार किया है। उन्होंने आम के साथ सरकार द्वारा जारी प्रमाणपत्र और नामपट्ट भी लगाया है। उन्हें पुरस्कार की उम्मीद है।

भारी भरकम ‘हाथी झूल’ से उम्मीदें

बागपत के किसान अयाज अपने ‘हाथी झूल’ नामक विशालकाय आमों के साथ महोत्सव में भाग ले रहे हैं। इनमें से एक आम का वजन सवा दो किलो है। अयाज को भरोसा है कि उनका स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेगा, भले ही पुरस्कार न मिले।

मेरठ के किसान की ‘पछेला लंगड़ा’ पर नजर

मेरठ के मुस्तफीज खान ने अपने बाग के 10 किस्मों के आमों के साथ प्रतिभाग किया है। उन्हें उम्मीद है कि उनकी ‘पछेला लंगड़ा’ किस्म उन्हें सम्मान दिला सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here