अमरोहा। छोटे से गांव मोहम्मदपुर की रहने वाली सोनम सिरोही ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। अमेरिका के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भाग लेकर उन्होंने ट्रिपल जंप में रजत पदक जीता है। यह सोनम का इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरा पदक है। इससे पहले वह चीन और कनाडा में भी देश के लिए पदक जीत चुकी हैं।
राष्ट्रीय स्तर की अनुभवी एथलीट सोनम फिलहाल अमेरिका में हैं और दूरभाष पर बातचीत में उन्होंने यह पदक राष्ट्र को समर्पित किया है। उनके गांव लौटने पर भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
सोनम की खेल यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। किसान परिवार में जन्मी सोनम के पिता राजवीर सिंह और माता सुनीता देवी ने गांव में ही उनकी शुरुआती शिक्षा दिलवाई। 12वीं की पढ़ाई रजबपुर के नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज से पूरी करने के दौरान ही उन्होंने ट्रिपल जंप और लॉन्ग जंप में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था।
खेल के प्रति जुनून को देखते हुए परिवार ने भी पूरा सहयोग किया। आगे की पढ़ाई के लिए सोनम ने अमरोहा के जेएस कॉलेज में दाखिला लिया, लेकिन नियमित अभ्यास के लिए वह रोज़ाना मुरादाबाद के सोनकपुर स्टेडियम तक 30 किमी का सफर तय करती थीं। लगातार अभ्यास और कड़ी मेहनत का ही नतीजा रहा कि 2015 तक उन्होंने प्रदेश स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 48 स्वर्ण, 42 रजत और कांस्य पदक जीत लिए।
2018 में उन्होंने बीएसएफ जॉइन किया, लेकिन बाद में सीआईएसएफ में सेवा देना शुरू किया। 2019 में उन्हें चीन के चेंगदू में आयोजित इंटरनेशनल पुलिस गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। 2023 में कनाडा के विन्निपेग में आयोजित प्रतियोगिता में भी सोनम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
अब अमेरिका में रजत जीतने के बाद एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत, समर्पण और लगन के बल पर कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती। अमरोहा और पूरे जिले को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।