भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए महेंद्र भट्ट को लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को देहरादून स्थित पार्टी कार्यालय में प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने भट्ट के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। साथ ही राष्ट्रीय परिषद के लिए भी प्रमुख नेताओं के चयन की पुष्टि की गई।
एकमात्र नामांकन, निर्विरोध निर्वाचन
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई थी, जिसमें केवल महेंद्र भट्ट ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी खजान दास ने बताया कि भट्ट के पक्ष में पांच सेट नामांकन दाखिल हुए, जिनमें मुख्यमंत्री धामी, त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, अजय टम्टा समेत कई दिग्गजों ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए।
राष्ट्रीय परिषद में दिग्गजों की मौजूदगी
राष्ट्रीय परिषद के लिए जिन प्रमुख नेताओं का चयन हुआ है, उनमें केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, माला राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और कल्पना सैनी शामिल हैं।
भट्ट ने रचा इतिहास, बने दोबारा प्रदेश अध्यक्ष
महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के ऐसे पहले नेता बन गए हैं, जिन्हें लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने का अवसर मिला है। वह पार्टी के 10वें प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले किसी भी नेता को लगातार दो कार्यकाल नहीं मिले। उनके नेतृत्व में संगठन ने चुनावी मोर्चे पर सफलता पाई है और कार्यकर्ताओं के बीच नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर कहा, “भट्ट के नेतृत्व में भाजपा ने सभी चुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनके संगठनात्मक अनुभव और समन्वय की क्षमता ने पार्टी को मजबूती दी है।”
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और सांसद अनिल बलूनी ने कहा, “भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक रूप से बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठनात्मक चुनाव कराती है। यह भाजपा की पारदर्शिता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक है।”
अब तक भाजपा प्रदेश अध्यक्षों की सूची:
नाम | कार्यकाल |
---|---|
पूरन चंद शर्मा | 2000–2002 |
मनोहर कांत ध्यानी | 2002–2004 |
भगत सिंह कोश्यारी | 2004–2007 |
बची सिंह रावत | 2007–2009 |
बिशन सिंह चुफाल | 2009–2013 |
तीरथ सिंह रावत | 2013–2015 |
बंशीधर भगत | 2020–2021 |
मदन कौशिक | 2021–2022 |
महेंद्र भट्ट | 30 जुलाई 2022 से अब तक |
Read News: मंडी में बारिश का कहर… करसोग में दो जगह फटे बादल, एक की मौत