देहरादून: पूर्व विधायक सुरेश राठौर छह साल के लिए भाजपा से निष्कासित


भारतीय जनता पार्टी ने ज्वालापुर से पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता सुरेश राठौर को अनुशासनहीन आचरण के चलते पार्टी से बाहर कर दिया है। उन्हें छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है। पार्टी की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि उनके बयानों और निजी जीवन से जुड़ी गतिविधियों से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है।

पार्टी नेतृत्व ने यह कदम उस विवाद के बाद उठाया है, जिसमें पूर्व विधायक राठौर पर पहली पत्नी और परिवार के रहते हुए एक महिला से प्रेम संबंध स्थापित करने और हाल ही में विवाह करने के आरोप लगे। यह विवाह सहारनपुर में हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला सामने आने के बाद प्रदेश नेतृत्व ने इसे गंभीरता से लिया और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट की ओर से जारी नोटिस में कहा गया कि राठौर का सार्वजनिक व्यवहार लंबे समय से पार्टी की मर्यादाओं के विपरीत रहा है। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों में उनकी गतिविधियों से संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, जो पार्टी अनुशासन के विरुद्ध है।

बताते चलें कि राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच विवाद पिछले काफी समय से चर्चा में रहा है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की थी। हाल ही में सामने आए घटनाक्रम ने इस प्रकरण को और गंभीर बना दिया, जिसके चलते भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here