देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास पर राज्यसभा सांसद और उत्तराखंड भाजपा के नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें दूसरी बार पार्टी की कमान संभालने पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा के राज्य संगठन महामंत्री अजय कुमार भी उपस्थित रहे।
महेंद्र भट्ट को लगातार दूसरी बार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। यह चयन सर्वसम्मति से किया गया, जिसकी औपचारिक घोषणा केंद्रीय राज्य मंत्री और निर्वाचन अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने की। यह घोषणा जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रांतीय परिषद की बैठक में की गई, जहाँ आठ राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन का एलान भी हुआ।
पंचायत से लेकर विस चुनाव तक कार्यकर्ताओं पर भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं में विश्वास जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले पंचायत स्तर पर—ग्राम पंचायत, बीडीसी और जिला पंचायत की सभी सीटों पर पार्टी को जीत दिलाना प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी ग्राम सभा या बीडीसी वार्ड ऐसा न हो जहाँ भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव मैदान में न हो। बूथ अध्यक्षों और बूथ कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनावों में जीत का मूल आधार बताते हुए भट्ट ने कहा कि पार्टी की ताकत स्थानीय स्तर से ही तैयार होती है।
’60 पार’ के नारे के साथ आगे बढ़ेगी भाजपा
भट्ट ने 2027 के विधानसभा चुनाव को बेहद निर्णायक बताते हुए कहा कि इस बार पार्टी “60 पार” का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि 2022 में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर भाजपा ने मिथक तोड़ा है और अब अगली जीत का रास्ता पंचायत से होकर जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आज राज्य में विकास सिर्फ भाषणों में नहीं, बल्कि जनता अपनी आँखों से उसे देख रही है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि पंचायत चुनावों से लेकर आगामी विधानसभा चुनाव तक पूरे समर्पण और निरंतरता के साथ पार्टी को मजबूत करने में जुटें।