अगर आप Netflix का उपयोग Amazon Fire TV Stick के पुराने मॉडल पर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Netflix ने घोषणा की है कि वह पहली पीढ़ी के Fire TV डिवाइसेज पर 2 जून 2025 से सपोर्ट समाप्त कर देगा।
तकनीकी बदलाव के चलते लिया गया निर्णय
कंपनी ने यह कदम एडवांस वीडियो फॉर्मेट्स की ओर बढ़ते बदलावों के कारण उठाया है। Netflix अब AV1 कोडेक को अपना रहा है, जो कम डेटा में बेहतर वीडियो क्वालिटी देने की क्षमता रखता है। लेकिन दुर्भाग्य से फर्स्ट जनरेशन Fire TV डिवाइस AV1 को सपोर्ट नहीं करता, इसी कारण इन डिवाइसों पर Netflix की सेवा बंद की जा रही है।
किन डिवाइसेज पर होगा असर?
यह निर्णय Amazon Fire TV (2014), Fire TV Stick (2014), और Alexa Voice Remote (2016) के यूज़र्स को प्रभावित करेगा। ये डिवाइसेज तकनीकी रूप से पुराने हो चुके हैं और मौजूदा स्ट्रीमिंग मानकों को पूरा नहीं कर पाते। उल्लेखनीय है कि Amazon ने भी इन डिवाइसों के लिए सॉफ्टवेयर और सुरक्षा अपडेट पहले ही बंद कर दिए थे।
अब क्या करें यूज़र?
हालांकि Netflix का यह फैसला कुछ उपयोगकर्ताओं को असुविधा दे सकता है, लेकिन यह नई तकनीक के साथ खुद को अपग्रेड करने का सही समय भी हो सकता है।
अगर आपके पास स्मार्ट टीवी नहीं है और आप पुराने Fire TV Stick का उपयोग कर रहे हैं, तो आप खुद को Fire TV Stick 4K में अपग्रेड कर सकते हैं। यह डिवाइस, खबर लिखे जाने तक, Flipkart और Amazon पर लगभग ₹5999 में उपलब्ध है, हालांकि इसकी कीमत समय के साथ बदल सकती है।