सदन में तथ्यों के आधार पर दिया जाएगा जवाब, वॉकआउट न करे विपक्ष: सुक्खू 

विपक्ष को तथ्यों के आधार पर वीरवार को सदन में हर जवाब मिलेगा। विपक्ष वॉकआउट न करे। विधानसभा के अंदर नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम तथ्यों पर बोलें। सब उनकी बात सुनते हैं। उनकी बातों का तथ्यों पर आधारित जवाब दिया जाएगा। प्रदर्शन करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन वीरवार को सदन में वह विपक्ष के हर सवाल का जवाब  देंगे। ऐसे में विपक्ष को वॉकआउट न करे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर के शुभारंभ के बाद पत्रकारों के सवाल के जवाब में यह बातें कही। 

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू होली उत्सव की शोभायात्रा में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने रियासतकालीन मुरली मनोहर मंदिर में पूजा अर्चना कर 12 से 15 मार्च तक आयोजित होने वाले होली उत्सव का आगाज किया। इसके बाद वह मीडिया कर्मियों के से रूबरू हुए। विपक्ष के वॉकआउट के सवाल पर सीएम सुक्खू ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा ने सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार किया था। अब शिमला में इस बैठक में भाजपा विधायक शामिल हुए है। उन्हें भगवान ने सद्बुद्धि दी है। प्रदर्शन करने से भाजपा को कोई नहीं रोक रहा है। प्रदेश कांग्रेस सरकार हर वर्ग के हित के लिए फैसले ले रही है। कई दफा संवाद की कमी से समन्वय नहीं होता है लेकिन मिल बैठ कर मसले पर चर्चा और समाधान संभव है। 

उन्होंने कहा कि सुजानपुर होली उत्सव प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में प्रसिद्ध है। होली उत्सव की परंपरा सदियों पुरानी है। रंगों का यह त्योहार प्रदेश और देशवासियों के जीवन में खुशियां लाए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वीरवार को सैनिक स्कूल सुजानपुर का दौरा करेंगे। यह स्कूल केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय की ओर से संचालित किया जा रहा है लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से भी स्कूल को ग्रांट जारी की जाती है। स्थानीय विधायक कैप्टन रंजीत सिंह के साथ स्कूल में जाएंगे। इस स्कूल ने देश और प्रदेश को 400 से अधिक अधिकारी दिए हैं। स्कूल प्रबंधन ने न्यौता दिया है। बच्चों की भलाई के लिए हरसंभव मदद और फैसला लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here