हंगामे के कारण पेश नहीं हुआ ताजमहल का नाम बदलने का प्रस्ताव

आगरा नगर निगम के विशेष सदन में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ, जिससे किसी भी प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी। मेयर नवीन जैन ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। सदन स्थगित होने के कारण ताजमहल का नाम तेजो महालय करने का प्रस्ताव भी नहीं रखा गया।

दोपहर तीन बजे से मेयर नवीन जैन की अध्यक्षता में नगर निगम सदन शुरू हुआ था। सदन में भाजपा विधायक डॉक्टर जीएस धर्मेश सहित पार्षद मौजूद थे। सदन शुरू होते ही बसपा पार्षदों ने बौद्व स्तूप के मामले को लेकर हंगामा कर दिया। बसपा और भाजपा पार्षदों के बीच तकरार भी हुई। 

सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित 

मेयर और नगर आयुक्त ने पार्षदों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इस पर मेयर नवीन जैन ने अनिश्चितकाल के लिए सदन को स्थगित कर दिया। हंगामे के कारण कोई भी प्रस्ताव सदन में नहीं रखा गया। ताजमहल का नाम बदलने का प्रस्ताव भी पेश नहीं हो सका। भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर ने इस प्रस्ताव को लगाया है। उन्होंने कहा कि हंगामे के कारण सदन स्थगित कर दिया गया, जिससे वह ताजमहल का नाम बदलने का प्रस्ताव नहीं रख पाए। जब दोबारा विशेष सदन बुलाया जाएगा तो इस प्रस्ताव को रखेंगे। दावा किया कि यह प्रस्ताव जरूर पास होगा।  

सड़कों और चौराहों के बदले गए हैं नाम 

पार्षद शोभाराम राठौर के मुताबिक मुगल रोड, घटिया आजम खां समेत कई सड़कों, चौराहों के नाम बदले गए हैं। इसलिए अब वक्त आ गया है कि ताजमहल का नाम भी बदलकर तेजो महालय किया जाए। उन्होंने प्रस्ताव संख्या 4(7) में इसके संबंध में कई तथ्य रखे हैं, जिनके आधार पर नाम बदलने का प्रस्ताव लगाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here