जो डरते हैं वो मरते हैं… ममता बनर्जी ने विपक्षी मुख्यमंत्रियों से की केंद्र के विरोध की अपील

केंद्र सरकार से अक्सर तनातनी को लेकर चर्चा में रहने वाली पश्चिम बंगाल की मख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों से साथ आने और केंद्र के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। ममता बनर्जी ने 70 के दशक की मशहूर फिल्म शोले का डायलॉग बोलते हुए कहा कि निरंकुश सरकार के खिलाफ आवाज उठाएं, ‘जो डरते हैं, वो मरते हैं’।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्र के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों से एकजुट होकर निरंकुश सरकार के विरोध में आवाज उठाने की अपील की। ममता ने मुख्यमंत्रियों को 70 के दशक की मशहूर फिल्म शोले के डॉयलॉग के जरिए समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जो डरते हैं, वो मरते हैं। उन्होंने राज्य के मुखियाओं से बगैर डरे ‘निरंकुश सरकार’ के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार एक दिन पछताएगी। उन्होंने कहा, ”हम उनकी धमकियों से डरते नहीं है। बंगाल ने कभी भी हारना नहीं सीखा। हम हमेशा अपना सिर उठाकर चलते हैं और आगे भी चलते रहेंगे।”

ममता बोलीं- केंद्र और राज्य के बीच होती है लक्ष्मण रेखा

ममता ने कहा, ”मेरा मानना है कि विपक्ष के मुख्यमंत्रियों को साथ आकर अपनी आवाज उठानी चाहिए। सभी राज्य उनकी बात नहीं मानेंगे। केंद्र और राज्यों के बीच हमेशा एक लक्ष्मण रेखा होती है। जवाहरलाल नेहरू और बीआर आंबेडकर ने इस बात पर जोर दिया है। यह सरकारिया कमीशन में भी शामिल है और बात में इसे सुप्रीम कोर्ट का भी समर्थन मिला था।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here