आईएएस कौशल राज शर्मा की AGMUT कैडर में नियुक्ति, दिल्ली में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी कौशल राज शर्मा को मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेशों (AGMUT) कैडर में नियुक्त किया गया है। वे पहले उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी थे और हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टीम का हिस्सा बने थे। शर्मा को तीन वर्षों की प्रतिनियुक्ति पर AGMUT कैडर में स्थानांतरित किया गया है, और अब वे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सचिव पद की जिम्मेदारी निभाएंगे। इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

आईएएस शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जिलाधिकारी और मंडलायुक्त के रूप में काम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और गंगा तट के सौंदर्यीकरण जैसे प्रमुख परियोजनाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। वाराणसी में उनके कार्यों को व्यापक प्रशंसा मिली, और साल 2022 में उन्हें प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से भी नवाजा गया।

उत्तर प्रदेश सरकार में सचिव पद की जिम्मेदारी संभालने के मात्र 14 दिन बाद ही उन्हें दिल्ली स्थानांतरित किया गया है। कौशल राज शर्मा 2006 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और हरियाणा के भिवानी जिले से ताल्लुक रखते हैं। प्रयागराज और मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी के तौर पर भी उन्होंने उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। उनका यह तबादला केंद्र सरकार में उनके योगदान को मान्यता मिलने का संकेत माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here