भारत ने बुधवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर हवाई अभ्यास के लिए NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन) जारी किया है। यह अभ्यास राजस्थान की रेगिस्तानी सीमा और आसपास के क्षेत्रों में किया जाएगा, जिसमें राफेल, मिराज 2000 और सुखोई-30 जैसे प्रमुख लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। भारतीय वायुसेना द्वारा इस रणनीतिक क्षेत्र में संभावित मॉक ड्रिल को ध्यान में रखते हुए यह नोटिस पहले ही जारी कर दिया गया है।
क्या है NOTAM?
NOTAM यानी नोटिस टू एयर मिशन एक आधिकारिक सूचना होती है, जिसे पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारियों को संभावित खतरों या अस्थायी बदलावों की जानकारी देने के लिए जारी किया जाता है। यह सुरक्षा सुनिश्चित करने और उड़ानों की योजना में मदद करता है। इसे अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया जाता है।
7 मई को देशभर में मॉक ड्रिल
भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के मद्देनज़र, केंद्र सरकार ने बुधवार को देश के 295 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अभ्यास का उद्देश्य आम नागरिकों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है। मॉक ड्रिल में सायरन बजाना, ब्लैकआउट प्रबंधन और हवाई हमले से सुरक्षा के उपायों का परीक्षण शामिल रहेगा।
यह पहला मौका है जब 54 साल बाद इतनी व्यापक मॉक ड्रिल की जा रही है। इससे पहले 1971 के भारत-पाक युद्ध के समय इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की तैयारी देखी गई थी।