भाजपा संगठन चुनाव में जुटी, एक हफ्ते में 11-12 राज्यों को मिलेगा नया नेतृत्व

भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया को गति देना शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व 30 जून से 8 जुलाई के बीच 11 से अधिक राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की तैयारी में जुटा है। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस बार नियुक्तियां चरणबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों में नेतृत्व परिवर्तन को प्राथमिकता दी जा रही है। कुछ राज्यों में प्रक्रिया धीमी थी, लेकिन अब उसे सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव संसद के मानसून सत्र से पहले हो सकता है। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष स्तर पर विचार-विमर्श जारी है। जिन राज्यों में अभी तक अध्यक्षों की घोषणा नहीं हुई है, वहां जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की जा रही है। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पहले ही एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा चुका है और अब पार्टी नया नेतृत्व देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

पहला चरण: 30 जून से 2 जुलाई

पहले चरण में उत्तराखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। उत्तराखंड में 30 जून को, जबकि महाराष्ट्र, आंध्र और तेलंगाना में 1 जुलाई को नाम घोषित किए जाने की संभावना है। मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए 2 जुलाई तक नाम तय किए जाएंगे। इसी दौरान पुडुचेरी, दमन एवं दीव, ओडिशा और गुजरात में भी नए अध्यक्षों के नाम सामने आ सकते हैं।

दूसरा चरण: 3 से 8 जुलाई

इस चरण में दिल्ली, कर्नाटक और हरियाणा जैसे राज्यों में नए अध्यक्ष चुने जाएंगे। संभावना है कि 7 या 8 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी।

तीसरा चरण: उत्तर प्रदेश और पंजाब

उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे बड़े राज्यों में अध्यक्ष नियुक्ति का निर्णय बाद में लिया जाएगा। माना जा रहा है कि ये नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद होंगी। पार्टी इन दो महत्वपूर्ण राज्यों में कोई जल्दबाज़ी नहीं करना चाहती, क्योंकि यहां 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

संभावित दावेदार

कुछ राज्यों में अध्यक्ष पद के लिए कई नामों की चर्चा है। पश्चिम बंगाल में सुकांत मजूमदार और जगन्नाथ सरकार, महाराष्ट्र में रवींद्र चौहान, उत्तराखंड में महेंद्र भट्ट और आदित्य कोठारी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में हेमंत खंडेलवाल प्रमुख चेहरा हैं, जबकि उनके अलावा रामेश्वर शर्मा, गजेंद्र पटेल, दुर्गादास उईके और सुमेर सिंह भी दौड़ में हैं।

कर्नाटक में बीवाई विजयेन्द्र और प्रह्लाद जोशी, त्रिपुरा में भगवान दास और नवेंदु भट्टाचार्य, आंध्र प्रदेश में पीवीएन माधव और साना रेड्डी तथा तेलंगाना में अरविंद धर्मापुरी और राजेंद्र इटेला के नाम चर्चा में हैं।

मध्य प्रदेश में 1 जुलाई को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बतौर पर्यवेक्षक भोपाल पहुंचेंगे और 2 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। वहीं महाराष्ट्र में किरेन रिजीजू चुनाव प्रभारी होंगे और 1 जुलाई की शाम तक नाम की घोषणा की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here