उत्तर भारत, खासतौर पर दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र, इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तापमान में तेज़ी से वृद्धि के बीच मौसम विभाग ने इस सप्ताह राजधानी में धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। बीते दो दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है।
अब तक का सबसे गर्म दिन
इस मई में अब तक का सबसे अधिक तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 16 मई को दर्ज किया गया था। यह मई में दर्ज हुआ दूसरा सबसे कम उच्चतम तापमान है। साल 2021 में 5 मई को तापमान 41.6 डिग्री था। सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, 18 मई को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो 17 मई के 40.8 डिग्री से थोड़ा अधिक था। आने वाले दिनों में तापमान के 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना कम है। मई में अब तक लू नहीं चली है और अगले सप्ताह भी इससे राहत बनी रह सकती है।
स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान
प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, इन दिनों दक्षिण हरियाणा और पूर्वोत्तर राजस्थान के निचले हिस्सों में एक चक्रवाती प्रणाली सक्रिय है। इसी तरह की स्थिति उत्तर पंजाब और पाकिस्तान की सीमा से लगे इलाकों में भी बनी हुई है। इन दोनों सिस्टम को जोड़ती हुई ट्रफ लाइन दिल्ली के पास से गुजर रही है, जो धीरे-धीरे दक्षिण की ओर खिसक कर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैल सकती है।
नम हवाओं से बदलेगा मौसम
इस ट्रफ और चक्रवातीय गतिविधियों के कारण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हवाओं की दिशा पूर्वी हो जाएगी, जिससे नम और गर्म हवाएं चलेंगी। इससे अधिकतम तापमान में और गिरावट होगी, हालांकि हवा में नमी बढ़ने से उमस का असर भी बढ़ सकता है, खासकर सप्ताह के मध्य में। इस बदलाव के कारण अगले कुछ दिनों में राजधानी में आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। शाम के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना प्रबल है।
कई राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज़ हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मंगलवार को असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, पुडुचेरी, कोडाईकनाल और माहे में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, त्रिपुरा और मिजोरम में भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र में 25 मई तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का अनुमान है।
राजस्थान में जारी है गर्मी का सितम
राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। पिलानी और गंगानगर जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान क्रमशः 46.2 डिग्री और 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कई डिग्री अधिक है।