राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को सर्राफा बाजार में सोना ₹300 सस्ता होकर ₹98,600 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बीते पांच कारोबारी सत्रों में सोना कुल ₹2,110 प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है।
दिलचस्प बात यह है कि जहां वैश्विक बाजार में भू-राजनीतिक तनावों के चलते सोने की कीमतों में तेजी देखी गई, वहीं दिल्ली में इसके विपरीत कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। जानकारों के मुताबिक, ईरान-इजराइल के बीच युद्धविराम की घोषणा से बाजार में ‘सेफ हेवन’ डिमांड में कमी आई, जिससे सोने पर दबाव बना।
दिल्ली में सोना और चांदी दोनों सस्ते
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना मंगलवार को ₹98,900 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो बुधवार को ₹98,600 पर आ गया। इसी तरह, 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत ₹250 घटकर ₹98,050 प्रति 10 ग्राम रह गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने बताया कि भू-राजनीतिक जोखिम कम होने से निवेशकों की सुरक्षित संपत्ति की ओर रुचि कम हुई है।
वहीं, चांदी की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को यह ₹1,100 गिरकर ₹1,03,100 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। एक दिन पहले यह ₹1,04,200 पर बंद हुई थी।
पांच दिन में कितना सस्ता हुआ सोना?
- 19 जून: ₹150 की गिरावट
- 20 जून: ₹600 की गिरावट
- 23 जून: ₹160 की गिरावट
- 24 जून: ₹900 की गिरावट
- 25 जून: ₹300 की गिरावट
इन सभी गिरावटों को जोड़ें तो सोने की कीमत में कुल ₹2,110 प्रति 10 ग्राम की कमी आ चुकी है।
क्या कहते हैं बाजार विशेषज्ञ?
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष जतिन त्रिवेदी का मानना है कि निवेशक अब अमेरिका के फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पावेल के बयान, अमेरिका की जीडीपी ग्रोथ और कोर पीसीई डेटा जैसे प्रमुख संकेतकों पर नजर बनाए रखेंगे।
अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता का कहना है कि आने वाले समय में बाजार की दिशा भू-राजनीतिक तनावों और वैश्विक व्यापार गतिविधियों पर निर्भर करेगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि वैश्विक अस्थिरता बढ़ती है, तो इसका असर न केवल सुरक्षित निवेश विकल्पों पर बल्कि कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिखाई देगा।