1984 के बाद फिर रचा इतिहास: शुभांशु की अंतरिक्ष यात्रा पर पीएम ने दी बधाई

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन पर रवाना होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सफल अभियान की कामना की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरिक्ष मिशन की सफल लॉन्चिंग का हम स्वागत करते हैं। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बनने की दिशा में अग्रसर हैं। वे 1.4 अरब भारतीयों की उम्मीदों, सपनों और विश्वास के साथ यह यात्रा कर रहे हैं। उन्हें और अन्य सभी अंतरिक्ष यात्रियों को इस अभियान के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, “ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में भारत के लिए एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत की है। पूरा देश उनके इस अभियान को लेकर गौरवान्वित और उत्साहित है। अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के एक्सिओम मिशन-4 के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ उनकी यह यात्रा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को साकार करती है।”

शुभांशु शुक्ला: एक परिचय
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के महत्वाकांक्षी गगनयान अभियान से जुड़े हुए हैं। इसी के तहत उन्हें एक्सिओम मिशन-04 (Ax-04) के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने 2019 में रूस के यूरी गगारिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर से एक वर्ष की कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

27 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गगनयान मिशन के लिए शुभांशु शुक्ला के नाम की आधिकारिक घोषणा की थी। अब वे 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय बनने जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here