चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की आपात लैंडिंग, 68 यात्री सुरक्षित

चेन्नई। शुक्रवार को मदुरै की ओर जा रहे एक निजी विमान को तकनीकी दिक्कत आने के कारण उड़ान के दौरान चेन्नई हवाई अड्डे पर आपात वापसी करनी पड़ी। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, इंडिगो एयरलाइंस की यह उड़ान करीब आधे घंटे की यात्रा पूरी कर चुकी थी, जब पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी का पता लगाया और तुरंत लौटने की अनुमति मांगी। विमान में 68 यात्री सवार थे और यह सुरक्षित तरीके से चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरा। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इंडिगो की ओर से इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

रायपुर में तकनीकी समस्या से यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

इससे पहले बुधवार को दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6313 में भी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा था। विमान की लैंडिंग के बाद उसका दरवाजा नहीं खुल सका, जिससे यात्री लगभग 40 मिनट तक विमान में ही फंसे रहे। इस उड़ान में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी सवार थीं।

कोच्चि से दिल्ली जा रहे विमान को मिली धमकी, नागपुर में कराई गई आपात लैंडिंग

17 जून को कोच्चि से दिल्ली की उड़ान भर रहे इंडिगो के विमान 6E-2706 को बम की धमकी मिलने के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी। कोच्चि एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इंडिगो को अपनी आधिकारिक ईमेल पर धमकी मिली थी। विमान में 157 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। सुरक्षा कारणों से विमान को सुबह 11:54 बजे नागपुर में उतारा गया।

टर्बुलेंस का शिकार हुई गोवा-लखनऊ की उड़ान

इसी सप्ताह एक अन्य घटना में, गोवा से लखनऊ की ओर जा रही फ्लाइट 6E-6811 ने खराब मौसम के कारण टर्बुलेंस का सामना किया। हालांकि, प्रशिक्षित पायलट और केबिन क्रू की सूझबूझ से फ्लाइट को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया। एयरलाइन ने कहा कि घटना मानसूनी मौसम के प्रभाव के चलते हुई थी।

बीते महीने श्रीनगर जाने वाली फ्लाइट भी आई थी संकट में

पिछले महीने दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की उड़ान, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के सांसदों सहित 227 यात्री सवार थे, मौसम की मार का शिकार हुई थी। बारिश और ओलावृष्टि के चलते विमान को भारी टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा और पायलट को आपात स्थिति की सूचना देनी पड़ी। विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here