आज चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम घोषित किए गए। आम आदमी पार्टी (आप) ने इनमें से दो सीटों पर विजय हासिल की है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता का धन्यवाद दिया और कहा कि लोगों ने पार्टी पर भरोसा जताया है। उन्होंने बताया कि दोनों सीटों पर जीत का अंतर पिछली बार की तुलना में लगभग दोगुना है।
आप ने गुजरात के विसावदर और पंजाब के लुधियाना वेस्ट से जीत दर्ज की है। केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा और गोपाल इटालिया को जीत की बधाई दी और जनता का आभार व्यक्त किया।
पंजाब में आप सरकार को मिला जनसमर्थन
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग उनकी सरकार से संतुष्ट हैं, जो इस जीत से साफ झलकता है। उन्होंने इसे आगामी 2027 के चुनावों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने अपनी सरकार को मजबूत समर्थन दिया है। वहीं, गुजरात के विसावदर में भी पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की, जहां फिलहाल बीजेपी सरकार है। उन्होंने बताया कि 2022 में पंजाब और गुजरात दोनों में चुनाव हुए थे।
गुजरात में बदलाव की लहर
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने गुजरात में बीजेपी की चुनाव रणनीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सत्ता, पैसा और प्रशासनिक ताकत का इस्तेमाल करके चुनाव लड़ना बीजेपी की शैली रही है। लेकिन विसावदर में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत दर्शाती है कि जनता बीजेपी के 30 साल पुराने शासन से ऊब चुकी है और बदलाव की चाह रखती है। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात अब बदलाव के रास्ते पर है।
‘मैं राज्यसभा नहीं जाऊंगा’
केजरीवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हालिया चुनावों में कांग्रेस को 17 सीटें मिलीं जबकि आम आदमी पार्टी को 5। उन्होंने बताया कि गुजरात में आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच मुकाबला है, जिसमें दो सीटों पर चुनाव हुए, जिनमें से एक बीजेपी और एक आम आदमी पार्टी ने जीती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दिल्ली और विसावदर में बीजेपी का समर्थन किया है और कांग्रेस को बीजेपी की कठपुतली करार दिया।
अंत में केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे और इस बारे में निर्णय पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति लेगी।