उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर लैंडस्लाइड, एक श्रद्धालु घायल; 2 मलबे में फंसे

उत्तरकाशी जिले के नौ कांची क्षेत्र में यमुनोत्री जाने वाला मार्ग सोमवार दोपहर अचानक हुए भूस्खलन के कारण बंद हो गया। इस हादसे के समय वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ लोग मलबे में फंस गए। अब तक की जानकारी के अनुसार, एक श्रद्धालु घायल हुआ है और दो लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी दी कि भूस्खलन की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचा गया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को चोटें आई हैं और दो लोग मलबे में फंसे हुए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर आवागमन फिलहाल रोक दिया गया है।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि नौ कांची के पास पैदल मार्ग पर भूस्खलन हुआ है, जिसमें एक श्रद्धालु घायल हुआ है। घायल व्यक्ति मुंबई का निवासी है और उसे जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मौके पर SDRF, NDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा

गौरतलब है कि वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन हुई थी, जब गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खोले गए। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले गए। इस पावन यात्रा में अब तक लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। यात्रा का पारंपरिक क्रम यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ है, जिसकी शुरुआत आमतौर पर हरिद्वार या ऋषिकेश से होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here