भागलपुर जिले के बिहपुर से फुलौत तक कोसी नदी पर बन रहे एनएच-106 मिसिंग लिंक पुल का एक बड़ा हिस्सा हरिओ के त्रिमुहान घाट के पास क्षतिग्रस्त हो गया है। देर रात वोल्वो लोडर से पुल के सिगमेंट ले जाते समय हुई दुर्घटना में लगभग 40 फीट तक पुल को नुकसान पहुंचा।
यह हादसा आधी रात के करीब हुआ, जब पुल निर्माण का काम युद्धस्तर पर जारी था। रात करीब दो बजे हरिओ से फुलौत की ओर सिगमेंट ले जाते हुए वोल्वो लोडर का प्रेसर पंप फट गया, जिससे लोड को पकड़ने वाली रस्सी टूट गई। इसके चलते सिगमेंट गिरकर पुल को नुकसान पहुंचाते हुए कोसी नदी में गिर गया। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के वक्त सभी सुरक्षा जांच पूरी कर लोडर को रवाना किया गया था, लेकिन त्रिमुहान घाट के पास नदी किनारे ही यह तकनीकी खराबी सामने आई। गिरते हुए सिगमेंट से पांच अन्य सिगमेंट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस स्थान पर पहले भी दो बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पहले एक बार नदी के तेज बहाव में तैयार पीलर गिर गया था, जबकि दूसरी बार उसी जगह एक पीलर धंस गया था। अभियंताओं की सलाह पर यहां दो पीलर बनाए गए हैं।
यह पुल बिहार का सबसे बड़ा पुल होगा। 30 किलोमीटर लंबे इस एनएच-106 मिसिंग लिंक के तहत कोसी नदी पर लगभग 6.94 किलोमीटर लंबा पुल बनाया जा रहा है, साथ ही इसके दोनों ओर लगभग 22 किलोमीटर सड़क का निर्माण भी हो रहा है। इस परियोजना की कुल लागत करीब 996 करोड़ रुपये है, जिसे वर्ष 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में इस पुल के निर्माण का शिलान्यास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया था।
इस फोरलेन परियोजना से उत्तरी और दक्षिणी बिहार के बीच परिवहन काफी सुगम होगा। पुल के बनने के बाद क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और वाहनों का आवागमन आसान हो जाएगा। इस परियोजना का निर्माण मुंबई की कंपनी एफकॉन द्वारा किया जा रहा है।