सहारनपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के बाहर मंगलवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए कॉलेज लेकर आया था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए रामपुर मनिहारान स्थित गोचर महाविद्यालय पहुंचे थे। परीक्षा के दौरान आकांक्षा केंद्र के भीतर थी, जबकि शिव कुमार कॉलेज परिसर के बाहर मौजूद था।

इसी बीच अज्ञात परिस्थितियों में शिव कुमार को गोली मार दी गई। गोली सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी आकांक्षा ने अपने भाई मंजीत पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसने करीब चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से परिजन इस रिश्ते से नाराज थे और लगातार विरोध कर रहे थे।

आकांक्षा का आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते उसके भाई ने उसके पति को निशाना बनाया। वहीं, मृतक के परिजनों ने भी इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और नामजद आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।