शुक्रवार दोपहर दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज और गाजीपुर क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत महसूस हुई।
कई इलाकों में झमाझम बारिश
कन्हैया नगर समेत कई इलाकों में दोपहर के समय जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और उमस से निजात मिली। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद के कुछ क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-11 में बारिश के दौरान राहगीर और दुपहिया वाहन चालक बारिश में भीगते नजर आए।
गुरुवार को हल्की बारिश, धूप और बादलों की आंखमिचौली
बीते गुरुवार को राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। पूरे दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहे और बीच-बीच में तीखी धूप भी निकलती रही। उस दिन अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.2 डिग्री नीचे था। इस दौरान हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 59 प्रतिशत रहा।
5 जुलाई के लिए येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार, 5 जुलाई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, 6 से 9 जुलाई तक राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और विभिन्न स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
तापमान के आंकड़े
शुक्रवार को राजधानी के रिज क्षेत्र में सबसे अधिक तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पालम में 36.3, लोधी रोड और आया नगर में 36.0 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो लोधी रोड सबसे ठंडा रहा, जहां 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज और आया नगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 27.4 डिग्री और पालम में 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।