यूपी, सहारनपुर बवाल: जलूस में शामिल नीली टोपी वाले युवकों की पुलिस को तलाश

सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद महानगर में निकाले गए जुलूस में कुछ युवक नीली टोपी पहने और काले झंडे लिए हुए थे। ये युवक काफी उग्र हो रहे थे। इन युवकों के हाथ में कुछ पर्चे भी थे। बवाल के बाद ये युवक पुलिस प्रशासन के टारगेट पर हैं। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के जरिए इन्हें तलाश रही है। वहां यह भी चर्चा है कि जुलूस में कुछ बाहरी युवक भी शामिल थे, जिन्होंने बवाल के लिए भीड़ को उकसाया था। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि नीली टोपी वाले युवकों के भीड़ में शामिल होने की बात संज्ञान में आई है। 

जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इन सभी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि पर्दे के पीछे से किसने भीड़ को उकसाया था। उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस बवाल में जिस भी नेता या अन्य की संलिप्तता पाई जाएगी वह बचेगा नहीं, निश्चित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सहारनपुर हिंसा

एआईएमआईएम के कार्यकर्ता भी निशाने पर
बवाल की घटना को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के कार्यकर्ता भी जांच में पुलिस प्रशासन के निशाने पर हैं। उनकी भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि ओवैसी की पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी जांच की जा रही है। संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

सहारनपुर हिंसा

उपद्रवियों के घरों पर बुलडोजर चलता रहेगा 
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि कानून के दायरे में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी दो उपद्रवियों के घरों पर बुलडोजर चला है। बाकी उपद्रवियों के यहां भी यदि अवैध निर्माण पाया जाता है तो बुलडोजर फिर से चलेगा। बुलडोजर चलने की कार्रवाई जारी रहेगी।

सहारनपुर हिंसा के आरोपियों को गिरफ्तार करती पुलिस

निर्दोष लोगों की नहीं हो गिरफ्तारी
महानगर में हुए बवाल की घटना को लेकर बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने सर्वदलीय नेताओं के साथ डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी आकाश तोमर से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस मामले में निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए। बवाल में जो शामिल हैं उनकी गिरफ्तारी पर हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन गली मुहल्लों की आपसी राजनीति से प्रेरित होकर किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। अफसरों ने कहा कि निर्दोष को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, मगर दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। 

हिंसा के बाद बैठक करते अधिकारी

बवाल कराने के सूत्रधार भी जेल भेजे जाएं
सहारनपुर महानगर में हुए बवाल की घटना को लेकर भाजपा सांसद, विधायकों और पदाधिकारियों ने अफसरों से मिल कर इसमें शामिल आरोपियों और सूत्रधार को गिरफ्तार कर जेल भेजने को कहा। जिस पर अफसरों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। भाजपा कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, किरत सिंह, देवेंद्र निम, मेयर संजीव वालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन शनिवार को कलक्ट्रेट में मंडलायुक्त लोकेश एम, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर से मिले। भाजपा नेताओं ने कहा कि शुक्रवार को दंगा फैलाने की साजिश थी। योजना बना कर बवाल किया गया। इनके आरोपियों के साथ ही सूत्रधार को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। 

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस फोर्स

बवालियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश
देवबंद लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने जनपद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।  जुमे की नमाज के बाद जनपद में देवबंद समेत कई स्थानों पर वर्ग विशेष के लोगों ने भाजपा की निलंबित राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में प्रतिष्ठान बंद कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और दुकानों में लूटपाट का भी प्रयास किया था। इस मामले में राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने आईजी प्रीतिंदर सिंह और एसएसपी आकाश तोमर से असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने तथा चिह्नित कर मुकदमा दर्ज करने को निर्देशित किया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here