नगर विकास के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश मंत्रिमण्डल का अभूतपूर्व निर्णय, पढ़िए पूरी ख़बर

राज्य सरकार ने प्रदेश में 28 नई नगर पंचायतें बनाने का फैसला किया है। गोरखपुर व वाराणसी नगर निगम के साथ नौ नगर पालिका परिषदों और 12 नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन इन प्रस्तावों को मंजूरी दी। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने बताया कि प्रदेश में 276 राजस्व ग्रामों को शामिल करते हुए 28 नई नगर पंचायतें बनाई गई हैं।

77 राजस्व ग्रामों को शामिल करते हुए 12 नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया गया है। इसके साथ 102 राजस्व गांवों को शामिल करते हुए नौ नगर पालिका परिषदों और नगर निगम गोरखपुर में एक और नगर निगम वाराणसी में नौ राजस्व गांवों को शामिल करते हुए सीमा विस्तार किया गया है। प्रदेश में अब निकायों की संख्या 735 हो गई है। इनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 518 नगर पंचायतें हो गई हैं। नए निकायों के गठन और विस्तार होने के बाद नगर में 905700 जनसंख्या और 57474 हेक्टर क्षेत्रफल की वृद्धि हुई है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसर राष्ट्रीय स्तर पर 31.16 प्रतिशत शहरी क्षेत्र है। उत्तर प्रदेश राज्य में मात्र 22 फीसदी शहरी क्षेत्र है। इस हिसाब से यूपी काफी पीछे है। राज्य सरकार इसीलिए प्रदेश में शहरीकरण की वृद्धि पर ध्यान दे रही है।

सीमा विस्तार
नगर निगम गोरखपुर और नगर निगम वाराणसी। नगर पालिका परिषद चित्रकूट, कन्नौज, भदोही, जायस अमेठी, पुखरायां कानपुर देहात, बहराइच, नवाबगंज बाराबंकी, गौराबरहज देवरिया, मारहरा एटा नगर पालिका परिषद का विस्तार किया गया है। नगर पंचायतों में गोलाबाजार गोरखपुर, बबेरू, नरैनी व तिंदवारी सभी बांदा, कुलपहाड़ महोबा, हरगांव सीतापुर, ओबरा सोनभद्र, हरैया बस्ती, परशदेपुर रायबरेली, रामपुरा जालौन, औरास उन्नाव का विस्तार किया गया है।

नई नगर पंचायतें
कंचौसी कानपुर देहात, असोथर फतेहपुर, रामसनेहीघाट बाराबंकी, ढकवा प्रतापगढ़, चरवा कौशांबी, रामगंज प्रतापगढ़, महमूदपुरमाफी मुरादाबाद, सूजाबाद वाराणसी, सैदनगली अमरोहा, जवां सिकंदरपुर व टप्पल अलीगढ़, मऊ चित्रकूट, बरौली अलीगढ़, राजेसुल्तानपुर व जहांगीरगंज अंबेडकरनगर, कैसरगंज बहराइच, रटौल बागपत, रतसड़कलां बलिया, कप्तानगंज, मुंडेरवा, गणेशपुर व नगर बाजार बस्ती, कलान शाहजहांपुर, खिरौनी सुचित्तागंज अयोध्या, अचलगंज उन्नाव, कुमारगंज अयोध्या और चौक महराजगंज को नगर पंचायत बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here