कांग्रेसी नेत्री पंखुड़ी पाठक की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर किया वायरल

कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक की फोटो से छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। मंगलवार को अश्लील फोटो बनाकर ट्वीट कर दी गई। साथ ही एक बैंक खाता संख्या डालकर फोटो वायरल नहीं करने के लिए एक लाख रुपये भी मांगे गए। इसके बाद पंखुड़ी ने पुलिस से शिकायत की। मामले में यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल से जांच के आदेश दिए गए हैं।

पंखुड़ी ने मंगलवार दोपहर कमिश्नर आलोक सिंह व यूपी पुलिस को टैग करते हुए एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने कहा कि उनकी फोटो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल की गई है। साथ ही एक बैंक खाते की डिटेल देकर कहा गया है कि अगर एक लाख रुपये जमा नहीं किए तो इसे और आगे फैलाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा कि पुलिस इस मामले में संज्ञान ले।

इसके बाद यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल से नोएडा पुलिस को जांच के आदेश दिए गए। इससे पहले डीसीपी महिला सुरक्षा वृंदा शुक्ला ने ट्विटर पर पंखुड़ी से कहा कि आप नोएडा कमिश्नरेट के साइबर सेल को लिखित शिकायत करें। हम जल्द से जल्द उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

स्टार प्रचारक के तौर पर फिरोजाबाद दौरे पर
पंखुड़ी को कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक बनाया है। मंगलवार को उन्होंने टुंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद व सिरसागंज में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया।

पहले भी सोशल मीडिया पर बनाया गया निशाना
पहले भी समाजवादी पार्टी से हटने के बाद पंखुड़ी को सोशल मीडिया पर कई तरह से निशाना बनाया गया था और धमकी भी दी गई थी। इस मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। इसमें पूर्वांचल के एक जिले से आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। बाद में कुछ मामलों में उन्होंने ट्रोल करने वालों को माफ भी कर दिया था।

पार्टी महिलाओं का पूरी तरह से सम्मान करती है। इस तरह के कार्यों में विश्वास नहीं रखती। अगर इसमें कोई भी कार्यकर्ता शामिल हुआ तो सख्त कार्रवाई करते हुए उसे पार्टी से निकाला जाएगा।- मनोज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, भाजपा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here