अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट ने राहुल गांधी के बयान को बताया आपत्तिजनक

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के गुजरात में दिए गए बयान पर आपत्ति जताई है और कहा कि इस तरह के बयान समाज में भेदभाव पैदा करने वाले हो सकते हैं। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ ही पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी आमंत्रित किया गया था। ये बयान आपत्तिजनक, असत्य और भ्रामक है।

बता दें कि राहुल गांधी ने गुजरात के गांधी नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में इसलिए नहीं आमंत्रित किया गया था क्योंकि वो आदिवासी समाज से आती हैं। ट्रस्ट ने इस बयान पर संज्ञान लिया और सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने वीडियो संदेश देकर जवाब दिया है। 

चंपत राय ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े समाज के लोगों के अलावा ऐसे गणमान्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया था जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में देश का सम्मान बढ़ाया है। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक लोगों को भी आमंत्रित किया गया था।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण से जुड़े मजदूरों व गरीबों को भी ट्रस्ट ने कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। सभी ने राम मंदिर के गर्भगृह में पूजन भी किया। राहुल गांधी का ये बयान भ्रामक, असत्य और आपत्तिजनक है। भगवान श्रीराम ने कभी भी अपने जीवन में किसी से भी भेदभाव नहीं किया इसलिए ट्रस्ट किसी के साथ भी भेदभाव करने का विचार नहीं रख सकता है। ट्रस्ट में संत-महात्मा भी शामिल हैं जो कि समाज के हर व्यक्ति को भगवान का रूप मानकर काम करते हैं। 

उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान समाज में भेदभाव पैदा करने वाला सिद्ध हो सकता है। इसलिए हम इस पर गंभीर आपत्ति व्यक्त करते हैं। हम लोगों को जोड़ने का काम करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here