आंवला सीट से बसपा प्रत्याशी आबिद अली ने जताया जान का खतरा

बरेली की आंवला लोकसभा सीट पर चुनाव से पहले सपा और बसपा के प्रत्याशियों के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है, जिससे सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। आंवला से सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य पर अब बसपा प्रत्याशी आबिद अली ने पलटवार किया है। आबिद अली ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि नीरज मौर्य ने उनके खिलाफ साजिश रची है। बसपा प्रत्याशी ने अपनी जान को खतरा जताया। 

आबिद अली ने बताया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर सपा प्रत्याशी के चुनाव लड़ने पर रोक लगाए जाने की मांग की है। आबिद ने आंवला सीट के दोनों प्रत्याशियों से अपनी जान का खतरा जताया। कहा कि ये दोनों लोग मेरी जान के पीछे पड़े हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी को जालसाज बताया। बसपा को भाजपा की बी टीम बताने के सवाल पर आबिद ने कहा कि नीरज मौर्य सपा से पहले भाजपा में थे। यह सबको पता है।

यह है मामला 
बता दें कि आबिद अली ने सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य और बसपा से ही टिकट होने का दावा करके नामांकन करने वाले सत्यवीर सिंह पर धोखाधड़ी व साजिश जैसी गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सत्यवीर पार्टी के प्रत्याशी नहीं हैं, इसकी पुष्टि बसपा प्रमुख मायावती ने की थी और उसके बाद उनका नामांकन निरस्त किया गया था। इसके बाद बसपा उम्मीदवार आबिद अली ने अपने साथ हुई साजिश में सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य को भी शामिल बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बसपा प्रत्याशी के आरोपों पर नीरज मौर्य ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर कहा था कि उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। कुछ लोग दूसरों के हाथों का खिलौना बनकर चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा भाजपा की बी टीम बनकर काम कर रही है। नीरज मौर्य ने आबिद अली द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही अपने ऊपर हमले की आशंका जताई थी। अब आबिद अली ने अपनी जान को खतरा बताया है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here