कुंडली की शिवपूरी कॉलोनी में एक पति- पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक युवक के शव लटकने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वहां दो शव देखे। दोनों यूपी के फर्रूखाबाद निवासी है। पुलिस को अभी मृतकों के परिजनों का फोन नंबर नही मिला है। जिस वजह से आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नही हुए हैं। हालांकि शुरुआती जांच पति पत्नी में झगड़े की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि पहले पत्नी ने फांसी लगाई। उसका शव उतारने के बाद पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। क्योंकि पत्नी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।

कुंडली थाना के एसआई रणबीर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नरेला निवासी संजीव के मकान में एक युवक का शव पंखे से लटक रहा है। इसपर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर दो शव मिले। महिला का शव जमीन पर था और उसके गले के पास मफरल रखा हुआ था। इसके साथ ही पंखे पर उसके पति का शव लटक रहा था। उसने पत्नी की चुन्नी से फांसी लगा रखी थी।
पुलिस ने युवक के शव को भी फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने जब छानबीन की तो युवक की पहचान यूपी के फर्रूखाबाद निवासी अमन पुत्र अशोक व महिला की पहचान परमिंद्री देवी पत्नी अमन के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। दोनों ने आत्महत्या किस वजह से की है। यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मृतकों के परिजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रही है। इसके बाद ही कोई कारण स्पष्ट होंगे।
झगड़े की बात सामने आई, कारणों का खुलासा नहीं, यूपी के फर्रुखाबाद से तीन महीने पहले ही कुंडली आए थे दंपती
माता-पिता के शव के पास रोती मिली तीन साल की बेटी
मृतक अमन व उसकी पत्नी परमिंद्री देवी के पास एक तीन साल की बेटी है। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो तीन साल की यह बच्ची अपने माता-पिता के शव के पास ही रोती हुई मिली। महिला का शव जमीन पर था और उसके पति का शव लटक रहा था। बताया जा रहा है कि पहले अमन की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। जब अमन घर आया तो पत्नी का शव लटक रहा था। उसने पत्नी का शव फांसी के फंदे से नीचे उतारा और इसके बाद खुद भी फांसी लगा ली।
मोबाइल की जांच करेगी पुलिस, पारिवारिक विवाद हो सकता है
कुंडली थाना के एसआई रणबीर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक अमन एक ठेकेदार के पास प्लंबर का काम करता था। पुलिस अब अमन के मोबाइल की जांच करेगी। मोबाइल से ही उनके परिजनों का फोन नंबर मिल सकता है। पुलिस श्ुरूआती जांच में इसे पारिवारिक कलह मान रही है। पति- पत्नी के बीच किसी काम को लेकर झगड़ा भी सुसाइड की वजह हो सकता है।