हिमाचल:मंडी जिला के 2 व्यक्ति यूक्रेन में फंसे

हिमाचल के मंडी जिला के धर्मपुर के नारायण सिंह और अविनेष ठाकुर यूक्रेन में फंस गए हैं। दोनों MBBS अंतिम समैस्टर के छात्र हैं। अविनेष ठाकुर की आज भारत वापसी के लिए टिकट भी बुक थी, लेकिन आज सुबह रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है और एयरपोर्ट बंद हो गए हैं। इससे अविनेष व उनके परिजन डर गए हैं।

अविनेष के पिता बलदेव ठाकुर ने बताया कि फ्लाइट रद्द होने के बाद बेटा भी घबरा गया है। उन्होंने भारत सरकार और हिमाचल सरकार से अपने बेटे को जल्द सुरक्षित घर वापस लाने का आग्रह किया है। वहीं धर्मपुर के हरनायल निवासी इंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा नारायण सिंह भी यूक्रेन में MBBS की पढ़ाई कर रहा है।

युद्ध की सूचना ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से अपने बेटे को जल्द घर वापस लाने का आग्रह किया है। इसके बाद मंडी जिला प्रशासन इन्हें वापस लाने के प्रयासों में जुट गया है।

यूक्रेन में फंसे MBBS की पढ़ाई कर रहे अविनेष ठाकुर।
यूक्रेन में फंसे MBBS की पढ़ाई कर रहे अविनेष ठाकुर

मंडी के 34 लोग फंसे

ठीक इसी तरह मंडी जिला के 32 अन्य यानी कुल मिलाकर 34 लोग यूक्रेन में फंसे हुए हैं। इनमें 90 फीसदी छात्र बताए जा रहे हैं। सभी के परिजन अपनों के लिए चिंतित है, क्योंकि आज सुबह रूस की सेना यूक्रेन के कई शहरों में घुस गई है। जंग के मैदान में तोप के निरंतर गोले दागे जा रहे हैं। इससे भारत के यूक्रेन में फंसे लोग सहम गए है। इस वजह से इनके परिजनों की चिंताएं बढ़ती जा रही है।

अन्य जिला से अब तक सूचना नहीं

प्रदेश के अन्य जिला से अब तक किसी भी व्यक्ति के यूक्रेन में फंसे होने की सूचना नहीं है। DC बिलासपुर, DC कुल्लू, DC कांगड़ा, DC हमीरपुर और DC शिमला ने खुद माना कि अब तक उनके जिला से किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है।


​​​​​​इन क्षेत्रों के इतने लोग फंसे

DC मंडी के मुताबिक बल्ह के 5 व्यक्ति, धर्मपुर के 6, सदर मंडी से सबसे ज्यादा 10, सुंदरनगर के 2 , थुनाग व जोगेंद्रनगर के 3-3 तथा करसोग, गोहर, कोटली व पधर से एक-एक लोग युक्रेन में फंसे हुए हैं।

एयर-टिकट महंगा होने के कारण बेटे को समय पर नहीं ला पाए घर
अविनेष ठाकुर के पिता बलदेव ठाकुर ने बताया कि भारत सरकार ने यूक्रेन से भारत वापसी के लिए किराया दर्रें बहुत बढ़ा दी है। इसके लिए अभिभावकों को 56100 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से या तो किराया कम करने या फिर 50 फीसदी किराया सरकार द्वारा वहन करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि बीते सप्ताह भी उन्होंने अपने बेटे को वापस लाने के लिए टिकट बुक करने की कोशिश की लेकिन तब एकमुश्त पैसे का प्रबंध नहीं हो पाया। दो रोज पहले उन्होंने पैसे का प्रबंध करके टिकट बुक किया और आज सुबह यूक्रेन से फ्लाइट होनी थी, जो एयरपोर्ट बंद होने के कारण रद्द हो गई है।


युक्रेन में फंसे लोगों ने नाम

मंडी जिला के बल्ह के राहुल कुमार, रितिका, प्रवीण कुमार, दिनेश कुमार, राहुल, धर्मपुर के अविनेश ठाकुर, नारायण सिंह, सुभम शर्मा, दिवित ठाकुर, अंकुश ठाकुर, सानिया, गोहर से सम्रिती, करसोग से शिवांश शर्मा, कोटली से अनिमेष ठाकुर, पधर से संजय कुमार, सदर मंडी से राघव वैद्य, ईशानी, अर्चिता, शिवांगी, प्रियांशी, शोर्य सकलानी, श्रेया शर्मा, तितिषका श्रमा, आशा सिंह, लक्ष्मी चंद, अक्षिता, सुंदरनगर से अंकुर चंदेल, विमल कुमार मोहटल, थुनाग से दुनीचंद, हेमावती नंदन भंगुना, कुमारी जागृति ठाकुर, जोगेंद्रनगर से वैभव सैन, विवेक सिंह तथा करीना के यूक्रेन में फंसे होने की सूचना है।

क्या कहते है DC मंडी

DC अरिंदम चौधरी ने बताया कि कुछ परिजनों ने यूक्रेन में फंसे अपने को वापस लाने का आग्रह किया है। इन्हें वापस लाने का मामला राज्य के गृह विभाग व मुख्य सचिव के माध्यम से केंद्र से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडी जिला में अब तक 34 लोगों की सूची तैयार कर दी गई है। अभी यह सूची और बढ़ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here