चुनावी दौरे पर वाराणसी पहुंचे केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोला। जितेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के मतदान के बाद समाजवादी पार्टी का विश्वास टूट गया है। उनके (अखिलेश यादव) परिवार को करहल में प्रचार करना पड़ा है। बढ़ते चुनावी चरण के साथ यूपी में सपा धराशायी हो गई है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाताओं का भाजपा के प्रति रुझान देखकर सपा भयभीत हो गई है। यही वजह है कि उसे उस करहल में मुलायम सिंह सहित तमाम बुजुर्गों को उतारना पड़ा। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह गुरुवार को कैंट स्थित एक होटल में मीडिया से बात कर रहे थे।
सीएम योगी ने बदली उत्तर प्रदेश की छवि
उन्होंने कहा कि करहल से काशी तक और गाजियादबाद से गोरखपुर तक भाजपा जीत रही है, इसे अप्रत्यक्ष रूप से सपा भी मानने लगी है। उन्होंने कहा कि जनता भी यह समझ गई है कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार रहने से ही प्रदेश का विकास हो सकता है।केंद्रीय मंत्री ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि 2017 से पहले माफिया और गुंडा की सरकार थी। 2017 में सत्ता संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की छवि बदलने का काम किया। माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब से यूपी में लाकर जेल में कठोरता से रखा गया है।
अब प्रदेश में बेटियां सुरक्षित महसूस करती हैं। वहीं कहीं भी भ्रमण कर सकती हैं। महिलाओं को सुरक्षा के साथ सम्मान मिला है। काशी में व्यवस्थागत सुधार के कारण श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। धार्मिक महत्व के कारण काशी का महत्व बड़ा है। यहां विकास की गति देखने को मिली है।प्रदेशभर में जारी विकास की इस गति को और तीव्र करने के लिए भाजपा को फिर से अवसर मिलना जाहिए। कहा कि जो उत्तर प्रदेश की जनता को दंगा कराने वाली समाजवादी पार्टी नहीं बल्कि कानून का राज स्थापित करने वाली भाजपा सरकार चाहिए।