शिमला: 23 और 24 मार्च को आंधी-तूफान,यलो अलर्ट किया जारी

हिमाचल में मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 23 और 24 मार्च को प्रदेश के कुछ एक क्षेत्रों में आंधी व तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इससे मैदानी इलाकों को गर्मी से राहत मिल सकती है, क्योंकि प्रदेश के अधिकतर शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है।

बीते 24 घंटे के दौरान हिमाचल के 11 शहरों का पारा 30 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। ऊना का तापमान सबसे ज्यादा 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह बिलासपुर का दूसरा सर्वाधिक 34 डिग्री, शिमला 25 डिग्री, सुंदरनगर 33.5 डिग्री, भुंतर 30. 5 डिग्री, धर्मशाला 31डिग्री, नाहन 30.8 डिग्री, सोलन 31.7 डिग्री, कांगड़ा 317 डिग्री, मंडी 32.6 डिग्री, हमीरपुर 32.5 डिग्री, चंबा 31.1 डिग्री सेल्सियस और केलोंग का सबसे कम 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

आमतौर पर प्रदेश में मार्च महीने में इतनी गर्मी नहीं पड़ती है, लेकिन इस बार मार्च में ही गर्मी नए-नए कीर्तिमान स्थापित करने लगी है। शिमला में तीन दिन पहले न्यूनतम तापमान 59 साल का रिकार्ड तोड़ चुका है। शिमला में कभी भी मार्च में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री नहीं पहुंचा, लेकिन इस बार 18 डिग्री पहुंच गया है।

आज और कल लू की चेतावनी

मौसम विभाग की माने तो आज और कल मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। आज जारी ताजा बुलेटिन में मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी व कुछ मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में गर्म हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी कर दी है। इससे दो दिन में तापमान में और इजाफा देखने को मिल सकता है।

ड्राई-स्पेल टूटने का इंतजार कर रहे किसान

इस बार सर्दियों में खासकर जनवरी महीने में तो अच्छी बर्फबारी हुई है, लेकिन फरवरी के दूसरे पखवाड़े से ही लंबा ड्राई-स्पेल चल रहा है और तापमान ज्यादा होने से सिंचाई स्रोतों पर असर दिखने लगा है। यही वजह है कि किसान इंद्रदेव के मेहरबान होने का इंतजार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here