गन्ना पर्ची नहीं आने से गुस्साए किसानों ने उत्तम शुगर मिल के गेट पर धरना शुरू कर दिया। आरोप है कि समय पर पर्चियां नहीं आने से गन्ने की फसल खेतों में ही खड़ी है। अब किसानों को आगे गन्ना छिलाई के लिए मजदूर नहीं मिलेंगे।
शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के गढ़वाल मंडल महामंत्री अरविंद राठी के नेतृत्व में किसानों ने गन्ना पर्ची नहीं आने पर लिब्बरहेड़ी मिल में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अरविंद राठी ने कहा कि क्षेत्र के गन्ना किसानों की पर्ची बहुत कम आ रही है। इससे गन्ना कटाई में देरी हो रही है। बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं जिनका अधिकतर गन्ना अभी खेत में है। वहीं, अब किसानों के सामने हरे चारे की बुआई का संकट भी खड़ा हो गया है।
शाम करीब चार बजे मिल प्रबंधक किसानों से वार्ता करने पहुुंचे। उन्होंने किसानों को पर्चियां बढ़ाने का आश्वासन दिया लेकिन किसान नहीं माने। देर शाम तक किसानों और मिल प्रबंधक के बीच वार्ता चलती रही। इस दौरान संजय चौधरी, अरविंद राठी, विपुल मालिक, नितिन सालार, निटू, बल्लू राणा, रोहित, मेजर, संजीव, पिरू, अंकुर, बिल्लू राणा किसान मौजूद रहे। संवाद