हरियाणा: युवक की गोली मारकर हत्या

हरियाणा के पलवल में बदमाशों ने धतीर गांव में एक युवक ईश्वर उर्फ भोला को घेर कर गोलियों से भून दिया। उसे चार गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। मृतक की मां की भी 6 दिन पहले मौत हुई थी। मां की चिता की आग ठंडी होने से पहले ही बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने 4 नामजद सहित 8 के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है।

गदपुरी पुलिस थाना के जांच अधिकारी विकास ने बताया कि धतीर गांव निवासी कृष्ण ने शिकायत में कहा है कि उसकी मौसी का एक सप्ताह पूर्व ही निधन हुआ था। इसके चलते पूरा परिवार शोकग्रस्त था। अब 31 मार्च को देर शाम वह और उसकी मौसी का बेटा ईश्वर उर्फ भोला खेतों की तरफ जा रहे थे।

गांव से आगे श्मशान घाट के पास पहुंचे, तभी उन्हें गांव के ही निवासी अनिल, राजू, योगेश व महेश सहित अन्य 4-5 युवकों ने घेर कर मारपीट शुरू दी। सभी के हाथों में हथियार थे, जिनसे डर कर वह खेतों की तरफ भागा और उसका भाई ईश्वर प्लाट की तरफ दौड़ा। लेकिन आरोपियों ने ईश्वर को आगे जाकर घेर लिया और अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी।

पलवल के नागरिक अस्पताल में ईश्वर के पोस्टमार्टम के दौरान ग्रामीणों के बीच मौजूद कांग्रेस विधायक करण दलाल।

बदमाशों द्वारा चलाई गई चार गोली ईश्वर को लगी। इसमें एक गोली सिर में, दो छाती पर और एक गोली कमर में लगी। जिससे खून से लथपथ ईश्वर वहीं गिर पड़ा। आरोपी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। हमलावरों के जाते ही उसने वारदात की सूचना अपने परिजनों को दी और गंभीर रुप से घायल ईश्वर को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए दाखिल नहीं किया। जिसके बाद उसे लेकर पलवल के नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here